गोपालपुर-इस्माइलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में एक महिला डाटा ऑपरेटर द्वारा अस्पताल प्रभारी पर शारीरिक शोषण के प्रयास का गंभीर आरोप लगाए जाने से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। पीड़िता ने इस संबंध में सिविल सर्जन को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सिविल सर्जन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, महिला कर्मी ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि अस्पताल प्रभारी ने उसके साथ अनुचित व्यवहार किया और शारीरिक शोषण का प्रयास किया। घटना के बाद से वह मानसिक रूप से काफी परेशान है और खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। उसने निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में सिविल सर्जन ने डॉ. पंकज मनस्वी के नेतृत्व में एक जांच टीम का गठन किया है। यह टीम शुक्रवार को सीएचसी पहुंचकर पूरे मामले की गहन जांच करेगी। जांच टीम अस्पताल के सभी कर्मियों से पूछताछ करेगी और आवश्यक साक्ष्य जुटाएगी, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
सिविल सर्जन ने अस्पताल के सभी डॉक्टरों और कर्मियों को जांच के दौरान उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि किसी भी तरह की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है और लोग स्वास्थ्य संस्थानों में सुरक्षा एवं पारदर्शिता को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
