बैरिया चौक के गड्ढों की चैंबर और लायंस क्लब ने कराई मरम्मत, स्थायी समाधान के लिए प्रशासन से करेंगे आग्रह

पलामू शहर के बैरिया चौक मुख्य मार्ग पर लंबे समय से बने बड़े-बड़े गड्ढों से लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए रविवार को मेदिनीनगर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज एवं लायंस क्लब ऑफ मेदिनीनगर ने संयुक्त पहल की। दोनों संगठनों की ओर से तत्काल राहत के तौर पर सड़क के गड्ढों की मरम्मत कराई गई, जिससे फिलहाल आवागमन को सुचारू बनाने का प्रयास किया गया। इस दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से यातायात प्रभारी रुद्रानंद सरस ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया।

 

Sponsored Advertisement

लायंस क्लब ऑफ मेदिनीनगर के फाउंडर प्रेसिडेंट डॉ. प्रवीण सिद्धार्थ ने बताया कि पिछले कुछ समय से बैरिया चौक पर सड़क की खराब स्थिति के कारण लगातार दुर्घटनाओं की शिकायतें मिल रही थीं। कई बाइक सवार गड्ढों में गिरकर घायल हो चुके हैं। बच्चों और महिलाओं के चोटिल होने की जानकारी भी सामने आई थी। स्थिति का निरीक्षण करने के बाद सड़क की हालत चिंताजनक पाई गई।

 

उन्होंने बताया कि समस्या को लेकर नगर निगम से संपर्क किया गया था। वहां से जानकारी मिली कि सड़क आरसीडी विभाग के अधीन है और निर्माण को लेकर विभागीय पत्राचार किया गया है। दूसरी ओर आरसीडी की ओर से भी नगर निगम से सड़क निर्माण कराने का आग्रह किए जाने की जानकारी मिली। विभागीय प्रक्रिया के बीच बरसात शुरू होने से समस्या और गंभीर हो गई।

 

मेदिनीनगर चैंबर के अध्यक्ष विकास शेट्टी ने बताया कि बैरिया चौक के समीप बाजार समिति में कई व्यवसायियों के गोदाम हैं, जहां प्रतिदिन मालवाहक वाहनों का आवागमन होता है। गड्ढों के कारण वाहन फंसने और पलटने की स्थिति बन रही थी। यात्री वाहनों, खासकर थ्री-व्हीलर के पलटने से लोगों के घायल होने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

 

फिलहाल डस्ट एवं अन्य सामग्री से गड्ढों की मरम्मत कराई गई है। चैंबर एवं लायंस क्लब की टीम जल्द उपायुक्त से मिलकर जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नाली निर्माण, सड़क चौड़ीकरण और स्थायी सड़क मरम्मत की मांग करेगी।

 

चैंबर के सचिव वरुण जायसवाल ने कहा कि शहर के कई प्रमुख मार्गों की स्थिति खराब है। प्रशासन और संबंधित विभाग से मिलकर इन समस्याओं से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

 

कार्यक्रम में आशुतोष कुमार लाल, अमित कुमार लाल, अनूप कुमार, मनोज कुमार सोनी, किशन कुमार, पीयूष राज, श्रीकांत कुमार, नीलेश चंद्र, अजय अग्रवाल, परिमल प्रसून समेत चैंबर एवं लायंस क्लब के सदस्य और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

 

संवाददाता – सत्यम शुक्ला की रिपोर्ट

Related Posts

शादी के चार माह बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

शादी के चार माह बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार की मौत

पलामू/झारखंड। झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत कार सवार चार लोगों की मौत हो…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *