सहरसा के सरडीहा गांव में फूड प्वाइजनिंग का कहर, 150 से अधिक लोग बीमार; मेडिकल टीम घर-घर पहुंचकर कर रही इलाज

सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल क्षेत्र के सरडीहा गांव के मध्य टोला में अचानक बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से हड़कंप मच गया। गांव में करीब 150 लोगों के उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। बीमार लोगों में महिला, पुरुष और बच्चे भी शामिल हैं।

 

Sponsored Advertisement

जानकारी के अनुसार, कल शाम गांव में सतनारायण भगवान की पूजा का आयोजन किया गया था। पूजा के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके अगले दिन यानी आज लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते कई लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। अचानक दर्जनों लोगों के बीमार पड़ने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई।

 

स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी को दी। सूचना मिलते ही मेडिकल टीम गांव पहुंची और बीमार लोगों का उपचार शुरू किया। स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर मरीजों की जांच कर रहे हैं और उनकी स्थिति के अनुसार इलाज किया जा रहा है। वहीं, कुछ लोग बेहतर इलाज के लिए गांव से बाहर भी निजी अस्पतालों का रुख कर चुके हैं।

 

सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आशीष कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला फूड प्वाइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ सौ लोगों के बीमार होने की सूचना मिली है। अब तक लगभग 50 लोगों का इलाज शुरू किया जा चुका है। मेडिकल टीम लगातार गांव में मौजूद है और घर-घर जाकर बीमार लोगों की जांच एवं उपचार कर रही है।

 

स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। बड़ी संख्या में लोगों के अचानक बीमार पड़ने के बाद ग्रामीणों में प्रसाद को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, बीमारी के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

 

संवाददाता – इन्द्रदेव जी

  • Related Posts

    अररिया में धमाके के बाद मानव शरीर के अंश मिलने से बढ़ा रहस्य, पटाखों के बीच विस्फोट की आशंका

    अररिया में धमाके के बाद मानव शरीर के अंश मिलने से बढ़ा रहस्य, पटाखों के बीच विस्फोट की आशंका

    45 दिन बाद गांव पहुंचा शहीद अग्निवीर आदित्य कुमार का अस्थि कलश, राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

    45 दिन बाद गांव पहुंचा शहीद अग्निवीर आदित्य कुमार का अस्थि कलश, राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *