मोतिहारी: पूर्वी चंपारण के चकिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पोखरिया टोला स्थित सेंटर चौक के पास बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक को दौड़ाकर गोली मार दी। गोली युवक के कंधे को चीरते हुए आर-पार निकल गई। घायल युवक की पहचान 27 वर्षीय नीतीश कुमार उर्फ गोलू, पिता संजय चौरसिया के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
दो बाइक पर सवार थे चार आरोपी:
बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार सेंटर चौक से अपने घर पोखरिया टोला लौट रहा था। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार हथियारबंद लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। खतरा भांपते ही नीतीश वहां से भागने लगा, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूरी तक खदेड़ने के बाद आरोपियों ने उस पर गोली चला दी। गोली उसके कंधे को चीरते हुए आर-पार निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में कराया गया भर्ती:
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल नीतीश को तत्काल चकिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल का बयान लेने की प्रक्रिया शुरू की।
जमीन विवाद में रंजिश का आरोप:
परिजनों ने हमले के पीछे सत्यम उर्फ राजा, पिता हरिलाल साह समेत चार लोगों के नाम बताए हैं। परिजनों का आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पहले से विवाद और तनाव चल रहा था। इसी रंजिश में नीतीश पर जानलेवा हमला किया गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच:
चकिया थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद का मामला सामने आ रहा है, लेकिन प्राथमिकी और सभी पक्षों के बयान के बाद ही घटना के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






