शेखपुरा में ट्रक के केबिन से खून से लथपथ शव बरामद, चाकू से हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस

शेखपुरा: बिहार के शेखपुरा जिले में शनिवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एनएच-333ए के किनारे खड़े चीनी लदे एक ट्रक के केबिन से खून से लथपथ शव बरामद हुआ। ट्रक के अंदर शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि स्थानीय लोग सुबह पूजा करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक के केबिन में शव दिखाई दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद शेखपुरा के एसपी डॉ. राकेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

Sponsored Advertisement

एसपी ने बताया कि ट्रक के अंदर एक व्यक्ति का शव मिला है। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि चाकू से वार किए जाने के कारण उसकी मौत हुई है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारण और घटना में शामिल लोगों की पहचान जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर सभी बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है।

नरकटियागंज से शेखपुरा आ रहा था ट्रक

शेखपुरा के चीनी कारोबारी अशोक कुमार के अनुसार, ट्रक पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज से चीनी लादकर शेखपुरा के लिए निकला था। शनिवार सुबह चालक को कई बार फोन किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद ट्रांसपोर्ट मालिक से संपर्क किया गया। जीपीएस लोकेशन से पता चला कि ट्रक शेखपुरा बाईपास स्थित एक लाइन होटल के पास खड़ा है।

अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और ट्रक के दोनों दरवाजे खटखटाए, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद टायर पर चढ़कर केबिन के अंदर देखा गया, जहां एक व्यक्ति का शव मुंह के बल पड़ा था।

चालक या खलासी, अभी स्पष्ट नहीं

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि शव ट्रक चालक का है या खलासी का। पुलिस शव की पहचान कराने के साथ-साथ घटना के कारणों और संदिग्धों का पता लगाने में जुटी है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। लोगों ने कहा कि एनएच-333ए व्यस्त मार्ग है और यहां पुलिस पेट्रोलिंग भी होती है। इसके बावजूद सड़क किनारे खड़े ट्रक में ऐसी वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

  • Related Posts

    लोदीपुर थाना निरीक्षण में मिली लापरवाही, थानाध्यक्ष समेत सभी पदाधिकारियों का वेतन रोका

    भागलपुर। लोदीपुर थाना के निरीक्षण के दौरान पुलिस के कामकाज और अभिलेखों के संधारण में लापरवाही सामने आने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए…

    जमुई घटना के विरोध में भागलपुर में ABVP का प्रदर्शन, टीएनबी कॉलेज के छात्रों ने जताया आक्रोश

    भागलपुर। जमुई में नाबालिग छात्रा और उसके साथी के साथ कथित बदसलूकी और मारपीट की घटना को लेकर विरोध की आवाज अब भागलपुर में भी तेज हो गई है। अखिल…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *