भागलपुर जिले में लगातार बढ़ती ठंड और भीषण शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। ठंड से गरीब, असहाय और बेघर लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी के नेतृत्व में DRDA परिसर में कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 

इस दौरान बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। कार्यक्रम के समय जिला प्रशासन की पूरी टीम मौके पर मौजूद रही और व्यवस्था की सतत निगरानी की गई। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति ठंड से प्रभावित न रहे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि चिन्हित स्थलों पर त्वरित राहत पहुंचाई जाए और वास्तविक जरूरतमंदों की पहचान कर उन्हें समय पर सहायता उपलब्ध कराई जाए।

 

डीएम ने कहा कि शीतलहर के दौरान गरीब और बेसहारा लोगों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम विभाग द्वारा जारी ठंड और शीतलहर के अलर्ट को ध्यान में रखते हुए जिले भर में अलाव जलाने, रैन बसेरों की समुचित व्यवस्था करने और रात्रि गश्ती के साथ विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से राहत कार्य लगातार जारी हैं।

 

इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया गया है, ताकि ठंड से संबंधित बीमारियों से पीड़ित लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा है।

 

कंबल वितरण कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह सहित अन्य वरीय प्रशासनिक अधिकारी, नगर निगम के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के कर्मी उपस्थित रहे। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरे पर राहत और संतोष साफ झलकता दिखा। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि ठंड के पूरे मौसम में राहत कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *