
श्रावणी मेले के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले लाखों शिवभक्तों की सेवा और सुविधा के उद्देश्य से बाबा बैद्यनाथ धर्मपथ स्थित प्रियंका स्मृति सहरसा धर्मशाला का विधिवत उद्घाटन सिमरी बख्तियारपुर के विधायक संजय कुमार सिंह ने किया। धार्मिक और भक्तिमय माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
धर्मशाला के संस्थापक गोपाल झा एवं सुनीता देवी ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि रमन झा, धर्मशाला संचालन सहयोगी आदर्श सिंह, शैलेश झा, बबन झा, भगवान झा, अंशु झा, दिलखुश कुमार, अंशु मिश्रा एवं राहुल झा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान धर्मशाला के संस्थापक गोपाल झा ने मुख्य अतिथि विधायक संजय कुमार सिंह को पाग, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वहीं आदर्श सिंह एवं शैलेश झा ने संयुक्त रूप से विशिष्ट अतिथि रमन झा को पाग, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर लोक गायिका दीक्षा झा की मधुर भक्ति प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया। भजन और भक्तिगीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए, जिससे उद्घाटन समारोह और भी यादगार बन गया।
धर्मशाला के संस्थापक गोपाल झा ने बताया कि पिछले कई वर्षों से इस सेवा केंद्र पर दांडी कांवरियों, डाक कांवरियों और पैदल कांवरियों के लिए प्रतिदिन नि:शुल्क भोजन, चाय, नाश्ता, फल, शुद्ध पेयजल, स्नानागार, शौचालय तथा भजन-कीर्तन की व्यवस्था की जाती रही है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के पुरोधाओं और समाजसेवियों के सहयोग से यह सेवा निरंतर जारी रहेगी, ताकि सुल्तानगंज से जल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचने वाले शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
श्रद्धालुओं का कहना है कि प्रियंका स्मृति सहरसा धर्मशाला उनके लिए विश्राम, सेवा और आस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगी। श्रावणी यात्रा के दौरान यह धर्मशाला शिवभक्तों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ सेवा और समर्पण की मिसाल भी पेश करेगी।







