भागलपुर शहर में एक बार फिर झपटमारी की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित लोहिया पुल पर शुक्रवार की शाम छह वर्षीय बच्चे के गले से सोने की चकती झपटने का प्रयास एक सतर्क ठेला चालक की सूझबूझ के कारण विफल हो गया। आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा, जबकि पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार, गोराडीह थाना क्षेत्र के कालिकापुर निवासी रुक्मिणी देवी अपने छह वर्षीय पुत्र सोनू के साथ खरीदारी करने भागलपुर शहर आई थीं। शाम करीब पांच बजे मां-बेटा लोहिया पुल से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक युवक ने बच्चे के गले में डोरी से बंधी सोने की चकती निकालने की कोशिश की।
उसी समय आटे की बोरी लेकर पुल से गुजर रहे ठेला चालक भगवत यादव की नजर युवक की संदिग्ध हरकत पर पड़ गई। उन्होंने तुरंत ठेला रोककर जोर-जोर से शोर मचाया और आरोपी को पकड़ने के लिए उसके पीछे दौड़ पड़े। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग भी सक्रिय हो गए और उचक्के का पीछा किया। हालांकि भीड़ जुटने के बावजूद आरोपी मौके का फायदा उठाकर मोजाहिदपुर की ओर फरार हो गया।
घटना के बाद बच्चे की मां रुक्मिणी देवी भी आरोपी के पीछे दौड़ीं, लेकिन तब तक वह आंखों से ओझल हो चुका था। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द उसे गिरफ्तार किया जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले भी इसी इलाके में एक महिला के बेटे के गले से सोने की चकती काटकर बदमाश फरार हो गए थे। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने शहरवासियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लोगों ने लोहिया पुल और आसपास के क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध लोगों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। डीएसपी सिटी प्रथम अजय कुमार चौधरी और डीएसपी सिटी द्वितीय राकेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








