भागलपुर में दर्दनाक हादसा: सीमेंट के खंभे से टकराया ऑटो, असम के कांवरिया श्रद्धालु की मौत, पांच घायल

श्रावणी मेले के दौरान भागलपुर-सुलतानगंज मुख्य मार्ग पर महेशी गांव के समीप बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में असम के एक कांवरिया श्रद्धालु की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब कांवरियों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे सीमेंट के खंभे से टकरा गया और दो बार पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

 

Sponsored Advertisement

मृतक की पहचान असम के चपराकाटा स्थित बोए गांव निवासी 40 वर्षीय शंकर दत्ता के रूप में हुई है। हादसे में उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आई थीं। उन्हें पहले सुलतानगंज सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (मायागंज) रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

 

जानकारी के अनुसार, असम से 21 कांवरियों का जत्था भागलपुर पहुंचा था। सभी श्रद्धालु दो ऑटो रिजर्व कर सुलतानगंज की ओर रवाना हुए थे। महेशी गांव के पास एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर सीमेंट के खंभे से टकरा गया और पलट गया।

 

घायल श्रद्धालु पूपली राय ने आरोप लगाया कि ऑटो चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और साथ ही मोबाइल फोन पर भी बात कर रहा था। इसी लापरवाही के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ।

 

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल शंकर दत्ता के अलावा पूपली राय, महादेव सरकार और बाखल बर्मन को मायागंज अस्पताल रेफर किया गया। अन्य घायलों का इलाज जारी है और चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।

 

परिजनों ने बताया कि शंकर दत्ता अविवाहित थे और असम में पंडाल डेकोरेशन का कार्य करते थे। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को जब्त कर लिया है, जबकि चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। सुलतानगंज पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं बरारी कैंप थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

 

  • Related Posts

    सिवान में रिटायर्ड फौजी की जमीन पर कब्जे का आरोप, रक्षा मंत्री तक पहुंचा मामला

    सिवान में रिटायर्ड फौजी की जमीन पर कब्जे का आरोप, रक्षा मंत्री तक पहुंचा मामला

    पूर्वी चंपारण में बिना कानूनी आदेश घर तोड़ने पर हाईकोर्ट सख्त, 2 महीने में मुआवजे का आदेश

    पूर्वी चंपारण में बिना कानूनी आदेश घर तोड़ने पर हाईकोर्ट सख्त, 2 महीने में मुआवजे का आदेश

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *