NEET पेपर लीक के विरोध में धनबाद में आइसा का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग

NEET पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर शुक्रवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के बैनर तले दर्जनों छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने डफली बजाकर अपना विरोध जताया और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

 

Sponsored Advertisement

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। वर्षों की मेहनत और तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों का विश्वास परीक्षा प्रणाली से उठता जा रहा है। छात्रों का कहना था कि सरकार को इस मामले में जवाबदेही तय करनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।

 

आइसा से जुड़े छात्र नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी सरकार और संबंधित मंत्रालय की है। उन्होंने कहा कि छात्र किसी विशेष सुविधा की मांग नहीं कर रहे हैं, बल्कि निष्पक्ष, पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त शिक्षा व्यवस्था चाहते हैं।

 

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने शिक्षा के निजीकरण का भी विरोध किया। उनका आरोप था कि सरकारी संस्थानों के कमजोर होने और निजीकरण बढ़ने से गरीब एवं मध्यम वर्ग के छात्रों के लिए उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसर सीमित होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा को व्यवसाय नहीं बल्कि अधिकार के रूप में देखा जाना चाहिए।

 

आइसा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषियों को कड़ी सजा दी जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी एवं पारदर्शी व्यवस्था लागू की जाए। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जहां छात्रों ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को प्रशासन और सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया।

 

संवाददाता : राजेश कुमार, धनबाद

  • Related Posts

    योगी के पास विकास का मुद्दा नहीं, अब धर्म की राजनीति कर रहे हैं: आईपी गुप्ता

    इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (आईआईपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह विधायक इंजीनियर आईपी गुप्ता ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या को लेकर दिए गए बयान पर निशाना साधा है।…

    भाजपा को बड़ा झटका! सुद्राक्षीपुर में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने छोड़ी पार्टी, झामुमो में हुए शामिल

    जामताड़ा नाला विधानसभा क्षेत्र में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का संगठनात्मक विस्तार लगातार जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को सुद्राक्षीपुर पंचायत में भाजपा को बड़ा झटका लगा, जहां भाजपा…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *