संसद में NEET परीक्षा से जुड़े मुद्दे पर जारी राजनीतिक टकराव के बीच बोकारो में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री आवास के समक्ष राहुल गांधी के धरने और संसद में NEET मामले को लेकर कांग्रेस के रुख के विरोध में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नया मोड़ स्थित बिरसा चौक पर राहुल गांधी और कांग्रेस का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के समर्थन और कांग्रेस के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है और शिक्षा जैसे गंभीर मुद्दे पर भी राजनीति कर रही है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के समर्थन में नारे लगाए और कांग्रेस से अपने रुख को स्पष्ट करने की मांग की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने कांग्रेस पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक ओर कांग्रेस संसद में NEET मामले पर चर्चा को लेकर विरोध का रास्ता अपना रही है, वहीं दूसरी ओर झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़े मामलों में सीबीआई जांच की मांग नहीं कर रही है। उनके अनुसार, राज्य सरकार इन मामलों की जांच सीआईडी से कराकर सच्चाई को दबाने का प्रयास कर रही है।
बिरंची नारायण ने कहा कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने दावा किया कि पेपर लीक जैसी घटनाओं में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार कड़े कानून बना रही है, ताकि भविष्य में छात्रों के साथ अन्याय न हो।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और बाद में कार्यकर्ता वहां से रवाना हो गए।
संवाददाता : चंदन सिंह, बोकारो






