श्रावणी मेला की तैयारियों का एडीआरएम ने लिया जायजा, सुल्तानगंज से देवघर के बीच चलेंगी 6 जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें

भागलपुर जिले के सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर आगामी श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर बुधवार को मालदा मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) अमरेंद्र कुमार मौर्य ने रेलवे अधिकारियों के साथ व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और कांवड़ियों के लिए किए जा रहे इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

 

Sponsored Advertisement

निरीक्षण के दौरान एडीआरएम ने स्टेशन के विभिन्न प्लेटफॉर्म, प्रवेश एवं निकास द्वार, प्रतीक्षालय, पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई, टिकट काउंटर और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालु सुल्तानगंज पहुंचते हैं, इसलिए यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

मीडिया से बातचीत में एडीआरएम अमरेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि श्रावणी मेला को लेकर रेलवे प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुल्तानगंज से देवघर के बीच 6 जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा, ताकि कांवड़ियों को यात्रा में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

उन्होंने बताया कि स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। कांवड़ियों के ठहरने की समुचित व्यवस्था, शुद्ध भोजन उपलब्ध कराने, पेयजल, स्वच्छता और स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर की भी व्यवस्था की जा रही है। रेलवे प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिले।

 

एडीआरएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रावणी मेला शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान रेलवे स्टेशन मास्टर गिरीश कुमार गुप्ता, विभिन्न विभागों के रेलवे अधिकारी, आरपीएफ एवं जीआरपी के अधिकारी और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

 

रेलवे प्रशासन का मानना है कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सुल्तानगंज पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा, सुविधा और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

  • Related Posts

    सहरसा में सिविल सर्जन और जिला समन्वयक के बीच विवाद गहराया, दो अधिकारियों को जारी हुआ पत्र

    सहरसा में सिविल सर्जन और जिला समन्वयक के बीच विवाद गहराया, दो अधिकारियों को जारी हुआ पत्र

    दीपावली पर 35 मरीजों की आंखों में लौटी रोशनी, पवन हंस अस्पताल और लायंस क्लब की अनूठी पहल

    दीपावली पर 35 मरीजों की आंखों में लौटी रोशनी, पवन हंस अस्पताल और लायंस क्लब की अनूठी पहल

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *