धनबाद पुलिस की नई पहल, एसआई-एएसआई को सीधे मिले निर्देश; 1000 गुम मोबाइल बरामद करने का लक्ष्य


धनबाद। पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से धनबाद पुलिस ने एक नई पहल की शुरुआत की है। मंगलवार से पुलिस केंद्र में विशेष ब्रीफिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें पहले दिन जिले के सब-इंस्पेक्टर (एसआई) स्तर के अधिकारियों को प्रशिक्षण और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यशाला में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव तथा ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब उपस्थित रहे।

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि अब तक पुलिस विभाग में डीएसपी, थाना प्रभारी और सर्किल ऑफिसर स्तर के अधिकारियों को ब्रीफिंग दी जाती थी, जो आगे अपने अधीनस्थ कर्मियों तक निर्देश पहुंचाते थे। लेकिन नई व्यवस्था के तहत अब सब-इंस्पेक्टर और सहायक सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) स्तर के अधिकारियों को सीधे ब्रीफ किया जाएगा, ताकि निर्देशों का बेहतर और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 340 सब-इंस्पेक्टर और करीब 500 सहायक सब-इंस्पेक्टर कार्यरत हैं। पहले चरण में एसआई स्तर के अधिकारियों को बैचवार प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जबकि अगले पांच दिनों तक एएसआई स्तर के कर्मियों को भी विशेष ब्रीफिंग दी जाएगी।

कार्यशाला के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार, जनता के साथ बेहतर व्यवहार, ड्यूटी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा ट्रैफिक प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जा रही है। अधिकारियों को बेहतर पुलिसिंग और जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

इसके साथ ही धनबाद पुलिस ने एक विशेष लक्ष्य भी निर्धारित किया है। जिले में गुम या चोरी हुए 1000 मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की दिशा में अभियान चलाया जाएगा।

धनबाद पुलिस का मानना है कि अधिकारियों और जवानों के साथ सीधे संवाद से कार्यक्षमता बढ़ेगी, जवाबदेही मजबूत होगी और अपराध नियंत्रण के साथ-साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने में बेहतर परिणाम प्राप्त होंगे। यह पहल पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास को भी और मजबूत करने में सहायक साबित होगी।

संवाददाता : नीतीश कुमार

Related Posts

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *