झूठे आरोपों से छवि धूमिल करने की साजिश, समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता ने दर्ज कराई मानहानि की प्राथमिकी
जामताड़ा के समाजसेवी एवं नगर पंचायत की गतिविधियों से जुड़े तरुण कुमार गुप्ता ने अपने खिलाफ लगाए गए कथित अवैध वसूली के आरोपों को निराधार बताते हुए मंगलवार को जामताड़ा थाना में मानहानि, गाली-गलौज, धमकी एवं मारपीट के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने चंद्र मोहन दत्त, पप्पू चौधरी एवं मुकेश कुमार सिंह के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
तरुण कुमार गुप्ता ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा सुनियोजित तरीके से उनके खिलाफ झूठे एवं आधारहीन आरोप लगाकर उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में जामताड़ा उपायुक्त को दिए गए एक आवेदन में उन पर अवैध वसूली का आरोप लगाया गया, जबकि इन आरोपों के समर्थन में कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास उनके खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य है तो उसे प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए। बिना किसी प्रमाण के सार्वजनिक रूप से आरोप लगाना पूरी तरह मानहानि की श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के गांधी मैदान, रास हटिया एवं गुदली हटिया में राजस्व वसूली की प्रक्रिया पूर्व से लागू नगर पंचायत के निर्णयों और प्रशासनिक निर्देशों के तहत संचालित होती रही है।
तरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि 3 अप्रैल 2024 को नगर पंचायत की बैठक में लिए गए निर्णयों के आलोक में राजस्व संग्रहण की व्यवस्था लागू है और यह कोई नई प्रक्रिया नहीं है। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में शुल्क एवं राजस्व वसूली संस्थागत निर्णयों के आधार पर की जाती है, ऐसे में किसी एक व्यक्ति पर अवैध वसूली का आरोप लगाना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि जनता ने हमेशा विकास और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी है और आगे भी नगर पंचायत के माध्यम से विकास कार्यों को गति दी जाएगी। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि बिना प्रमाण के आरोप लगाने वालों के खिलाफ न्यायालय में भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी।
संवाददाता : संतोष कुमार