नेपाल के पोखरा स्थित रंगशाला स्टेडियम में आयोजित पहली इंडो-नेपाल क्रिकेट चैंपियनशिप-2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने मेजबान नेपाल को 28 रनों से हराकर टूर्नामेंट का पहला खिताब अपने नाम किया। भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत पर पूरे देश में खुशी का माहौल है। खास बात यह रही कि बिहार के युवा क्रिकेटर श्री भूषण ने इस जीत में अहम भूमिका निभाई। उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी और शानदार पारी ने टीम इंडिया की जीत की नींव मजबूत की।
भारत की इस उपलब्धि पर स्कूल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार ने टीम के सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए विशेष रूप से बिहार के होनहार खिलाड़ी श्री भूषण को शुभकामनाएं दी हैं। भूषण, जो राणा क्रिकेट अकादमी से जुड़े हैं, ने पूरे टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। फाइनल मुकाबले में भी उन्होंने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष रंजीत राज, सचिव आदित्य कुमार, संयुक्त सचिव अभिनव गिरी सहित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने श्री भूषण को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भूषण ने न सिर्फ बिहार बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
पदाधिकारियों ने कहा कि बिहार में क्रिकेट प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें सही मार्गदर्शन और बेहतर अवसर देने की। श्री भूषण की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि खिलाड़ियों को उचित प्रशिक्षण और मंच मिले तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं।
एसोसिएशन ने विश्वास जताया कि श्री भूषण आने वाले समय में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाएंगे और देश के साथ-साथ बिहार का नाम भी विश्व स्तर पर रोशन करेंगे। उन्होंने भूषण के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि बिहार के हजारों युवा खिलाड़ियों को क्रिकेट के क्षेत्र में आगे बढ़ने और बड़े सपने देखने की नई प्रेरणा देगी।







