जामताड़ा जिले के फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत बिंदापाथर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में स्कूल से घर लौट रहे 8 वर्षीय छात्र की तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और डंपर चालक व मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस हादसे ने सड़क सुरक्षा के साथ-साथ स्कूली बच्चों के परिवहन व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, हरनादह गांव निवासी लालटु यादव का 8 वर्षीय पुत्र निलेश यादव धसनिया स्थित अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई करता था। वह जामताड़ा के दक्षिण बहाल स्थित एस.आर. पब्लिक स्कूल में पहली कक्षा का छात्र था। बुधवार को प्रतिदिन की तरह स्कूल की छुट्टी के बाद वह ऑटो से घर लौट रहा था।
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 बजे ऑटो चालक ने निलेश को धसनिया मोड़ के पास सड़क किनारे उतार दिया और बिना यह सुनिश्चित किए कि बच्चा सुरक्षित घर पहुंच जाए, वहां से चला गया। इसी दौरान जब निलेश सड़क पार करने लगा, तभी चित्रा कोलियरी से कोयला लादकर जामताड़ा साइडिंग की ओर जा रहा तेज रफ्तार डंपर (संख्या JH-08B-9888) उसे कुचलते हुए निकल गया। हादसा इतना भीषण था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे को जाम कर दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीणों ने दोषी चालक और वाहन मालिक के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
सूचना मिलते ही बिंदापाथर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को जब्त कर लिया। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास शुरू किया और फरार चालक की तलाश में कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता: संतोष कुमार





