जामताड़ा साइबर पुलिस का बड़ा वार, क्रेडिट कार्ड ठगी का आरोपी गिरफ्तार, 4 लाख से ज्यादा नकद बरामद

जामताड़ा – साइबर अपराध के लिए देशभर में बदनाम जामताड़ा में पुलिस को एक बार फिर बड़ी कामयाबी मिली है। साइबर थाना पुलिस ने क्रेडिट कार्ड बंद कराने और नया कार्ड बनवाने के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 4 लाख 4 हजार 500 रुपये नकद, मोबाइल, सिम कार्ड और बैंक पासबुक समेत कई अहम दस्तावेज बरामद हुए हैं।

 

मंगलवार को प्रेस वार्ता में साइबर डीएसपी अमित रविदास ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना की टीम ने रमजानी मोड़ से करीब एक किलोमीटर दूर कुरुआ हटिया के पास छापेमारी की। इस दौरान मार्गोमुंडा थाना क्षेत्र के पंचरुखी गांव निवासी नसरुद्दीन अंसारी (30) को गिरफ्तार किया गया।

 

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लोगों को फोन कर खुद को एसबीआई का बैंक अधिकारी बताता था। पीड़ितों को झांसा देता था कि उनका क्रेडिट कार्ड बंद हो रहा है या नया कार्ड जारी किया जाएगा। इसके लिए वह लोगों से एक एपीके फाइल डाउनलोड करवाता था। जैसे ही पीड़ित फाइल इंस्टॉल करते, आरोपी को उनके मोबाइल और बैंक खाते की पूरी गोपनीय जानकारी मिल जाती थी। इसी डेटा के सहारे वह खातों से रकम उड़ा देता था।

 

बरामदगी:

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक थैली में रखे 4 लाख 4 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा 2 मोबाइल फोन, 3 सिम कार्ड, 2 बैंक पासबुक और 1 आधार कार्ड भी जब्त किया गया है। आरोपी ने कबूल किया है कि बरामद रकम साइबर ठगी से ही कमाई गई है।

 

डीएसपी ने बताया कि पुलिस अब जांच कर रही है कि यह पैसा किसी बड़े गिरोह तक पहुंचाया जाना था या अन्य वारदातों से जुटाया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता, आईटी एक्ट और दूरसंचार अधिनियम की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

 

साइबर पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। अधिकारियों का दावा है कि पूछताछ में कई और नाम सामने आ सकते हैं। जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी भी संभव है। फिलहाल पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ कर रही है। जामताड़ा पुलिस लगातार साइबर अपराधियों पर शिकंजा कस रही है।

 

स्थान: जामताड़ा, झारखंड

संवाददाता: संतोष कुमार

Related Posts

पलामू के छतरपुर में जमीनी विवाद में 50 वर्षीय बुजुर्ग को मारी गोली, हालत गंभीर, पुलिस जांच में जुटी

पलामू के छतरपुर में जमीनी विवाद में 50 वर्षीय बुजुर्ग को मारी गोली, हालत गंभीर, पुलिस जांच में जुटी

पलामू के पांडू में एलपीजी सिलेंडर में लगी भीषण आग, ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, लीक सिलेंडर की आपूर्ति पर उठे सवाल

पलामू के पांडू में एलपीजी सिलेंडर में लगी भीषण आग, ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, लीक सिलेंडर की आपूर्ति पर उठे सवाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *