बोकारो सिटी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर दिनदहाड़े हुई चेन स्नैचिंग की घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सेक्टर-2सी, स्ट्रीट-9 स्थित आवास संख्या 1-011 के निवासी शैलेंद्र यादव उर्फ मुन्ना यादव से बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना दोपहर करीब 2:18 बजे की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, मुन्ना यादव अपने घर से निकलकर सड़क पर टहल रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग भी कुछ नहीं कर सके।
घटना की सूचना मिलते ही बोकारो सिटी डीएसपी राजीव रंजन और सिटी थाना प्रभारी सुदामा दास पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित से घटना की पूरी जानकारी ली और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया।
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई बाइक की पहचान कर ली गई है। शहर के विभिन्न मार्गों पर नाकेबंदी कर दी गई है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है तथा जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने शहर में पुलिस गश्त बढ़ाने और ऐसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
— संवाददाता: चंदन सिंह








