बोकारो में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, 10 लाख के गहने और नकदी लेकर फरार

बोकारो जिले के बालीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत राजेंद्र नगर में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बालीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

 

पीड़ित विकास कुमार ने इस संबंध में बालीडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह 9 जुलाई को अपने घर में ताला लगाकर बिहार के जहानाबाद स्थित अपने ससुराल गए थे। शनिवार को जब वह वापस लौटे तो देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला खुला हुआ था। अंदर प्रवेश करने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था और कमरे में रखी अलमारी भी खुली हुई थी।

 

जब उन्होंने अलमारी की जांच की तो उसमें रखे 10 हजार रुपये नकद और शादी में मिले सोने-चांदी के कीमती आभूषण गायब थे। पीड़ित के अनुसार चोरी गए जेवरात की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि उनकी शादी पिछले वर्ष हुई थी और अधिकांश आभूषण उन्हें शादी के दौरान उपहार स्वरूप मिले थे।

 

विकास कुमार बीएसएल (बोकारो स्टील प्लांट) में संविदा पर सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। चोरी की इस घटना के बाद परिवार सदमे में है। सूचना मिलने पर बालीडीह थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।

 

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

 

संवाददाता: चंदन सिंह

Related Posts

बोकारो में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग: मुन्ना यादव के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश, पुलिस ने की नाकेबंदी

बोकारो में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग: मुन्ना यादव के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश, पुलिस ने की नाकेबंदी

धनबाद के चाइना मार्केट में कॉस्मेटिक दुकान से चोरी करती दो महिलाएं रंगे हाथ पकड़ी गईं, CCTV में कैद हुई करतूत

धनबाद के चाइना मार्केट में कॉस्मेटिक दुकान से चोरी करती दो महिलाएं रंगे हाथ पकड़ी गईं, CCTV में कैद हुई करतूत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *