धनबाद थाना क्षेत्र के हीरापुर स्थित चाइना मार्केट में रविवार को एक कॉस्मेटिक दुकान में चोरी के आरोप में दो महिलाओं को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। दुकान संचालक और कर्मचारियों ने दोनों महिलाओं को सामान चोरी करते हुए पकड़ने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
दुकान संचालक विकी कुमार ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से उनकी दुकान से लगातार कॉस्मेटिक सामान गायब हो रहे थे। शुरुआत में उन्हें चोरी का अंदेशा था, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल पा रहा था। इसके बाद उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो महिलाएं संदिग्ध गतिविधियां करती हुई और दुकान से सामान चोरी करती हुई साफ दिखाई दीं।
रविवार को दोनों महिलाएं एक बार फिर उसी दुकान पर पहुंचीं। पहले से सतर्क दुकान संचालक और कर्मचारियों ने उन पर नजर बनाए रखी। जैसे ही महिलाओं ने सामान चोरी करने की कोशिश की, कर्मचारियों ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद तत्काल सदर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
दुकान संचालक ने बताया कि पहले हुई चोरी की घटनाओं की सीसीटीवी फुटेज भी सुरक्षित रखी गई है, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों महिलाएं अकेले चोरी की वारदात को अंजाम देती थीं या किसी संगठित गिरोह का हिस्सा हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शहर के अन्य बाजारों में हुई चोरी की घटनाओं से इनका कोई संबंध है या नहीं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दोनों महिलाओं से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
संवाददाता: राजेश कुमार








