मेडिकल कॉलेज की रेकी करते शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी के दो गैस सिलेंडर बरामद

पलामू जिले की सदर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक शातिर चोरी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मेडिकल कॉलेज परिसर के आसपास संदिग्ध परिस्थितियों में घूमकर कथित तौर पर रेकी कर रहा था। पूछताछ के दौरान उसने पूर्व में की गई चोरी की वारदात का भी खुलासा किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के दो गैस सिलेंडर बरामद कर लिए।

 

पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि एक युवक चोरी की नीयत से मेडिकल कॉलेज के आसपास संदिग्ध रूप से घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अफजल अंसारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने मेडिकल कॉलेज के पास पहुंचकर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की।

 

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह मेडिकल कॉलेज परिसर की रेकी कर रहा था। उसने यह भी बताया कि वह पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि कुछ दिन पहले उसने अपने साथियों के साथ मिलकर रजवाडीह स्कूल से दो गैस सिलेंडर चोरी किए थे। चोरी के बाद खरीदार नहीं मिलने के कारण दोनों सिलेंडरों को एक सुरक्षित स्थान पर छिपाकर रखा गया था।

 

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर चोरी के दोनों गैस सिलेंडर बरामद कर लिए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामा भुईया उर्फ बुचन भुईया (23 वर्ष), पिता राजकुमार भुईया, निवासी ग्राम कचरवा टोला बारालोटा, जिला पलामू के रूप में हुई है।

 

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी सदर थाना कांड संख्या 143/2025, दिनांक 29 दिसंबर 2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है। उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

 

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अफजल अंसारी, अनुसंधानकर्ता तेरेसा मिंज, पंकज कुमार तिवारी, सुजित कुमार पाण्डेय, नबी अंसारी, आरक्षी सुरेश सिंह एवं आरक्षी शेखर उरांव की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी के अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।

 

संवाददाता: सत्यम शुक्ला

Related Posts

सहरसा में जमीन विवाद की गोलीबारी का शिकार बना मछली विक्रेता, गर्दन में गोली लगने से हालत गंभीर

सहरसा में जमीन विवाद की गोलीबारी का शिकार बना मछली विक्रेता, गर्दन में गोली लगने से हालत गंभीर

बोकारो में ट्रेन की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की गई जान, पहचान में जुटी पुलिस

बोकारो में ट्रेन की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की गई जान, पहचान में जुटी पुलिस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *