पलामू जिले के पांडू प्रखंड अंतर्गत ग्राम फुलिया के वार्ड संख्या-10 स्थित गोरिवा टोला में ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए उपस्वास्थ्य केंद्र निर्माण कार्य का शिलान्यास क्षेत्रीय विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ी अपनी समस्याओं को विधायक के सामने रखा। लोगों ने कहा कि सरकार लगातार स्वास्थ्य भवनों का निर्माण तो करा रही है, लेकिन डॉक्टर, नर्स और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की कमी के कारण इन केंद्रों का अपेक्षित लाभ आम लोगों को नहीं मिल पा रहा है। कई स्वास्थ्य केंद्र भवन बनने के बावजूद खाली पड़े हैं, जिससे मरीजों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है।
ग्रामीणों की मांग पर विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों और कर्मचारियों की कमी का मुद्दा विधानसभा में भी उठाया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस दिशा में गंभीर है और जल्द ही डॉक्टर, नर्स तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति को लेकर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।
विधायक ने कहा कि गोरिवा टोला में बनने वाला उपस्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के लोगों के लिए काफी लाभकारी साबित होगा। इसके शुरू होने के बाद ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी। इससे लोगों का समय और पैसा दोनों बचेगा तथा गंभीर मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
कार्यक्रम में राजद प्रखंड अध्यक्ष शमशेर आलम, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि अरविंद पाल, संवेदक रूपेश सिंह, कुंदन सिंह, राजद कार्यकर्ता इदरीश अंसारी, शत्रुघ्न सिंह, चंदन यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
संवाददाता : सत्यम शुक्ला, पलामू





