बोकारो: चास चेकपोस्ट पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, मेयर बोले- शहर का सौंदर्यीकरण हमारी प्राथमिकता

बोकारो। चास नगर निगम क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। बुधवार को नवनिर्वाचित मेयर भोलू पासवान स्वयं निगम की टीम के साथ चास चेकपोस्ट पहुंचे और अतिक्रमण हटाओ अभियान का नेतृत्व किया। इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, गुमटी और अस्थायी दुकानों को हटाया गया। निगम की कार्रवाई से कुछ देर के लिए इलाके में हलचल का माहौल रहा।

 

अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाया, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और आम लोगों को आने-जाने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। निगम अधिकारियों ने कई दुकानदारों को भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी भी दी।

 

मेयर भोलू पासवान ने कहा कि चास नगर निगम क्षेत्र का सौंदर्यीकरण उनकी प्राथमिकता है। शहर को साफ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए निगम की ओर से सभी प्रमुख नालों और सीवरेज व्यवस्था की सफाई एवं मरम्मत कराई जा रही है, ताकि जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।

 

उन्होंने स्पष्ट कहा कि नगर निगम क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थलों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मेयर ने अतिक्रमणकारियों और दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि वे प्रशासनिक कार्रवाई से पहले स्वयं ही अपने अवैध निर्माण और अस्थायी दुकानें हटा लें। ऐसा नहीं करने पर निगम नियमानुसार कार्रवाई करेगा।

 

नगर निगम का कहना है कि यह अभियान आगे भी विभिन्न इलाकों में लगातार जारी रहेगा। निगम का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना, आम नागरिकों की सुविधा बढ़ाना और चास को स्वच्छ एवं अतिक्रमण मुक्त शहर के रूप में विकसित करना है।

 

संवाददाता : चंदन सिंह

Related Posts

बोकारो में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, पकड़ने पहुंची पुलिस को चकमा देकर फरार हुए बदमाश

बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस की चुनौती बढ़ा दी। महावीर चौक पर मंगलवार को दो बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के…

बारिश में फिर डूबा सीजेड गेट रेलवे अंडरपास, जलजमाव से थमी आवाजाही; स्थायी समाधान की मांग तेज

बारिश में फिर डूबा सीजेड गेट रेलवे अंडरपास, जलजमाव से थमी आवाजाही; स्थायी समाधान की मांग तेज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *