दरभंगा एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: लैंडिंग के दौरान स्पाइसजेट विमान का टायर फटा, कई उड़ानें हुईं प्रभावित

दरभंगा हवाई अड्डे पर सोमवार को बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। मुंबई से दरभंगा पहुंची स्पाइसजेट की फ्लाइट का लैंडिंग के दौरान टायर फट गया। विमान का पहिया रनवे पर कुछ दूरी तक घिसटता रहा, जिससे विमान के अंदर बैठे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। हालांकि पायलट की सूझबूझ और कुशल नियंत्रण के कारण विमान को सुरक्षित रोक लिया गया और सभी यात्री सकुशल बाहर निकाल लिए गए। इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

 

जानकारी के अनुसार, स्पाइसजेट की फ्लाइट जैसे ही दरभंगा एयरपोर्ट के रनवे पर उतरी, उसी दौरान तकनीकी खराबी के कारण विमान का एक टायर फट गया। टायर फटने के बाद विमान का पहिया रनवे पर घिसटता रहा, जिससे तेज झटका महसूस होने पर यात्री घबरा गए। घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट के सुरक्षा कर्मी और ग्राउंड स्टाफ मौके पर पहुंचे तथा यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

 

घटना के बाद क्षतिग्रस्त विमान को एप्रन में खड़ा किया गया। लेकिन एप्रन में पहले से सीमित जगह होने के कारण एयरपोर्ट का परिचालन प्रभावित हो गया। इसी वजह से दिल्ली से दरभंगा आने वाली इंडिगो की फ्लाइट को एहतियातन पटना डायवर्ट करना पड़ा। बाद में परिचालन सामान्य होने पर विमान पटना से दरभंगा पहुंचा और यात्रियों को लेकर वापस दिल्ली रवाना हुआ।

 

इसी बीच मुंबई से दरभंगा आने वाली अकासा एयर की फ्लाइट में भी तकनीकी खराबी सामने आई। विमान की विस्तृत जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की गई। एक ही दिन में दो विमानों में तकनीकी समस्या आने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

 

बताया जा रहा है कि स्पाइसजेट और अकासा एयर के दोनों विमान पूरी रात दरभंगा एयरपोर्ट पर ही खड़े रहेंगे। ऐसे में मंगलवार को भी उड़ान सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। एयरपोर्ट प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जल्द परिचालन पूरी तरह सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

 

Related Posts

भागलपुर में बेखौफ चोरों का आतंक, खेत से सिंचाई का मोटर चोरी; किसान का आरोप—2 किलोमीटर दूर थाना, सूचना के तीन घंटे बाद भी नहीं पहुंची पुलिस

भागलपुर में बेखौफ चोरों का आतंक, खेत से सिंचाई का मोटर चोरी; किसान का आरोप—2 किलोमीटर दूर थाना, सूचना के तीन घंटे बाद भी नहीं पहुंची पुलिस

नाथनगर के शंकरपुर दियारा से हथियारों का जखीरा बरामद, तीन अपराधी गिरफ्तार; बड़ी वारदात की थी तैयारी

नाथनगर के शंकरपुर दियारा से हथियारों का जखीरा बरामद, तीन अपराधी गिरफ्तार; बड़ी वारदात की थी तैयारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *