धनबाद जिले की बलियापुर थाना पुलिस ने चोरी और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के आठ मोबाइल फोन, सोने जैसे धातु के आभूषण, दो होंडा साइन मोटरसाइकिल समेत कई अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने जिले में हुई कई चोरी और छिनतई की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि 28 जून की रात गश्ती के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बेलगड़िया फेज-2 स्थित तीन तल्ला पानी टंकी के पीछे कुछ युवक चोरी के सामान का बंटवारा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने सुमित कुमार निषाद, शहबाज अंसारी उर्फ छोटू अंसारी, रोहित कुमार रजक और रवि बाउरी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उनके पास से चोरी के मोबाइल, आभूषण और दो मोटरसाइकिल बरामद हुईं। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर एक्साइड बैटरी, माइक्रोटेक इन्वर्टर, मंगलसूत्र सहित अन्य चोरी का सामान भी बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी विभिन्न इलाकों में मोबाइल, चेन, लैपटॉप, पर्स और अन्य कीमती सामान की छिनतई और चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
इस संबंध में बलियापुर थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास और जिले में हुई अन्य घटनाओं से उनके संबंधों की भी जांच कर रही है।
संवाददाता : नीतीश कुमार, धनबाद





