गर्री खुर्द–बरियातू सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने JE को बुलाकर दिखाई हकीकत

केरेडारी (हजारीबाग): मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत गर्री खुर्द से बरियातू तक 2.300 किलोमीटर सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है और सरकारी राशि का दुरुपयोग हो रहा है। मामले की शिकायत के बाद ग्रामीणों ने विभागीय जूनियर इंजीनियर (JE) जागेश्वर को मौके पर बुलाकर सड़क निर्माण की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया।

ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर कालीकरण (ब्लैकटॉप) का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि कालीकरण से पहले सड़क की ठीक से सफाई नहीं की गई और बिना झाड़ू लगाए धूल-मिट्टी के ऊपर ही तारकोल बिछाया जा रहा है। ग्रामीणों का दावा है कि इस तरह बनाया गया सड़क का हिस्सा कुछ ही दिनों में उखड़ जाएगा, जिससे सरकार की राशि और जनता की उम्मीदों पर पानी फिर जाएगा।

Sponsored Advertisement

शिलापट्ट के अनुसार इस सड़क परियोजना का शिलान्यास 22 सितंबर 2025 को सांसद मनीष जायसवाल की उपस्थिति में विधायक रोशन लाल चौधरी ने किया था। लेकिन अब निर्माण की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोग गंभीर सवाल उठा रहे हैं।

स्थानीय उप मुखिया ने भी निर्माण कार्य पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि विभाग और संवेदक की मिलीभगत से भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कार्य में तत्काल सुधार नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर निर्माण कार्य को रोक दिया जाएगा। उनका कहना है कि जनता के पैसे से बनने वाली सड़क में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। फिलहाल इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है और लोगों की नजर अब विभागीय कार्रवाई पर टिकी हुई है।

संवाददाता: सुनील कुमार ठाकुर

  • Related Posts

    पलामू पंकज उरांव हत्याकांड का खुलासा, पत्नी समेत 7 गिरफ्तार; 10 लाख रुपये की सुपारी का पुलिस का दावा

    पलामू। झारखंड के पलामू जिले में पंकज उरांव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। लेस्लीगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की साजिश में…

    पलामू में अंतरजिला चोरी गिरोह का खुलासा, 5 गिरफ्तार; सोना-चांदी के आभूषण और चोरी के औजार बरामद

    पलामू। जिले में पुलिस ने अंतरजिला चोरी गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 45 ग्राम सोना,…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *