लखनऊ हादसे के बाद धनबाद प्रशासन सख्त, सुरक्षा मानकों में कमी मिलने पर तीन शैक्षणिक संस्थानों को नोटिस; 10 दिनों तक बंद रखने का निर्देश

धनबाद: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक शैक्षणिक संस्थान में हुए दर्दनाक हादसे के बाद धनबाद जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है। छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिले के विभिन्न कोचिंग सेंटरों और शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा मानकों की व्यापक जांच शुरू कर दी गई है। बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) लोकेश बारंगी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने सिटी सेंटर स्थित कई शिक्षण संस्थानों का निरीक्षण किया और वहां मौजूद सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

 

Sponsored Advertisement

जांच अभियान में अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग तथा प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम ने संस्थानों में फायर सेफ्टी सिस्टम, भवन निर्माण मानकों, आपातकालीन निकासी मार्ग, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की गहन जांच की।

 

निरीक्षण के दौरान कुछ संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन नहीं पाया गया। इसके बाद प्रशासन ने संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी करते हुए आवश्यक सुधार करने के लिए 10 दिनों का समय दिया है। साथ ही सुरक्षा मानकों को पूरा होने तक संबंधित संस्थानों को बंद रखने का निर्देश भी दिया गया है।

 

एसडीएम लोकेश बारंगी ने बताया कि उपायुक्त के निर्देश पर जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों का चरणबद्ध तरीके से निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सिटी सेंटर स्थित स्टडी अड्डा 24×7, महिंद्रा इंस्टीट्यूट सहित अन्य संस्थानों की जांच की गई, जहां कुछ सुरक्षा संबंधी कमियां सामने आई हैं। इन संस्थानों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया गया है।

 

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिले के सभी कोचिंग सेंटरों तथा शिक्षण संस्थानों की जांच की जाएगी। यदि किसी संस्थान में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया जाएगा। जिला प्रशासन का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में किसी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

  • Related Posts

    पलामू पंकज उरांव हत्याकांड का खुलासा, पत्नी समेत 7 गिरफ्तार; 10 लाख रुपये की सुपारी का पुलिस का दावा

    पलामू। झारखंड के पलामू जिले में पंकज उरांव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। लेस्लीगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की साजिश में…

    पलामू में अंतरजिला चोरी गिरोह का खुलासा, 5 गिरफ्तार; सोना-चांदी के आभूषण और चोरी के औजार बरामद

    पलामू। जिले में पुलिस ने अंतरजिला चोरी गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 45 ग्राम सोना,…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *