धनबाद लोयाबाद हिंसा मामले में आजसू कार्यकर्ताओं पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में सोमवार को धनबाद की सड़कों पर आजसू पार्टी ने जोरदार आक्रोश मार्च निकाला। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो, गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी समेत हजारों कार्यकर्ता और समर्थक इस मार्च में शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और पार्टी के झंडों के साथ निकली रैली ने शहर में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
आक्रोश मार्च धनबाद के शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) से शुरू होकर रणधीर वर्मा चौक, पुलिस लाइन होते हुए कोयला नगर स्थित नेहरू कॉम्प्लेक्स पहुंचा। यहां आयोजित सभा में पार्टी नेताओं ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर हमला बोला। नेताओं ने लोयाबाद मामले में हुई पुलिस कार्रवाई को अन्यायपूर्ण और दमनात्मक बताते हुए इसकी निंदा की।
सभा को संबोधित करते हुए गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने झारखंड सरकार पर भ्रष्टाचार और कुशासन के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में बालू, लोहा और कोयला जैसे प्राकृतिक संसाधनों की खुली लूट हो रही है तथा भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी कार्यालयों में आम लोगों को लगातार परेशान किया जा रहा है और युवाओं को रोजगार नहीं मिलने के कारण बड़े पैमाने पर पलायन करना पड़ रहा है।
चौधरी ने कहा कि आजसू पार्टी अपने स्थापना दिवस के अवसर पर यह संकल्प दोहरा रही है कि जनता के हक और अधिकार की लड़ाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी भ्रष्टाचार, माफियागिरी और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष को और तेज करेगी।
इस दौरान सुदेश महतो समेत अन्य नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और लोयाबाद मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। आक्रोश मार्च के माध्यम से आजसू ने सरकार के खिलाफ अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करते हुए आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक बनाने के संकेत दिए।








