पटना: बिहार से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए पर्व-त्योहारों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। बिहार के 13 जिलों से देश की राजधानी दिल्ली के लिए नियमित अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू कर दी गई है। इन बसों का परिचालन बिहार के 18 अलग-अलग मार्गों से होगा।
शुक्रवार को नई दिल्ली के कश्मीरी गेट स्थित महाराणा प्रताप अंतरराज्यीय बस अड्डे पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह और बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने संयुक्त रूप से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले दोनों राज्यों के परिवहन सचिवों ने बस परिचालन को लेकर समझौता ज्ञापन यानी एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के अनुसार, अंतरराज्यीय परिचालन के लिए कुल 149 डीलक्स बसें खरीदी गई हैं। इनमें 75 नॉन एसी और 74 एसी बसें शामिल हैं। इसके अलावा पीपीपी मोड पर भी 150 बसों का परिचालन किया जाएगा।
पटना से दिल्ली के लिए सबसे अधिक चार मार्ग निर्धारित किए गए हैं। वहीं मुजफ्फरपुर और गया से दो-दो मार्ग, जबकि अररिया, बिहारशरीफ, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, नवादा और पूर्णिया सहित अन्य जिलों से भी बसें चलेंगी।
परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि पहले दिल्ली के लिए बस सेवा मुख्य रूप से पर्व-त्योहारों के दौरान ही उपलब्ध होती थी। यात्रियों की बढ़ती मांग और बेहतर प्रतिक्रिया को देखते हुए अब इसे पूरे साल नियमित रूप से चलाने का निर्णय लिया गया है।
बसों में नॉन एसी सीटर, नॉन एसी स्लीपर, एसी सीटर और एसी स्लीपर की सुविधा मिलेगी। पटना से दिल्ली का किराया 1615 रुपये से शुरू होकर एसी स्लीपर के लिए 2919 रुपये तक निर्धारित किया गया है।
बसों की समय-सारणी और ऑनलाइन टिकट बुकिंग की जानकारी बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। यात्री टोल फ्री नंबर 1800-345-7251 पर भी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
इस सेवा से बिहार और दिल्ली के बीच सफर करने वाले लाखों यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।






