काम दिलाने के बहाने युवती को फ्लैट ले गया युवक, गलत काम की कोशिश का आरोप, एक हिरासत में



धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। असम की एक युवती ने आरोप लगाया है कि उसे काम दिलाने के बहाने एक फ्लैट में ले जाकर उसके साथ गलत काम करने की कोशिश की गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामला गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित भूईफोड़ मंदिर के समीप आपणो घर सोसाइटी का है। जानकारी के अनुसार असम निवासी युवती अपनी कुछ सहेलियों के साथ मुंबई जाने के लिए निकली थी, लेकिन धनबाद रेलवे स्टेशन पर उसकी ट्रेन छूट गई। इसके बाद वह पिछले दो दिनों से स्टेशन के आसपास रह रही थी।

इसी दौरान उसकी मुलाकात स्टेशन के पास एक होटल में काम करने वाले राजू साव नामक युवक से हुई। आरोप है कि राजू साव ने युवती को घरेलू काम दिलाने का भरोसा दिया और अपने एक परिचित के माध्यम से उसे गोविंदपुर स्थित एक फ्लैट में भेज दिया।

पीड़िता का आरोप है कि फ्लैट में सफाई का काम करने के दौरान फ्लैट मालिक अक्षत अग्रवाल ने उसके साथ अशोभनीय हरकतें कीं और जबरन गलत काम करने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसे शराब पिलाने की भी कथित तौर पर कोशिश की गई। युवती किसी तरह फ्लैट से बाहर निकलने में सफल रही और शोर मचाने लगी।

युवती की आवाज सुनकर सोसाइटी के लोग और स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे। लोगों ने राजू साव को पकड़ लिया, जबकि उसका एक अन्य साथी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची गोविंदपुर पुलिस ने फ्लैट की तलाशी ली, जहां से शराब की बोतलें बरामद होने की बात सामने आई है।

पुलिस ने युवती के आरोपों के आधार पर राजू साव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता मानसिक रूप से काफी परेशान है, इसलिए उसका विस्तृत बयान अभी दर्ज नहीं हो सका है। बयान दर्ज होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

संवाददाता : नीतीश कुमार, धनबाद

Sponsored Advertisement
  • Related Posts

    अजय नदी में बहते मिले युवक की पहचान हुई, पश्चिम बर्दवान का निकला; दो दिन से था लापता

    जामताड़ा।ग्रामीणों ने नदी से निकालकर बचाई जान, नाला पुलिस ने इलाज के बाद परिजनों को सौंपा नाला थाना क्षेत्र के पाथरघाटा गांव के समीप अजय नदी में बहते हुए मिले…

    दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर भाजपा कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा, कार्यकर्ताओं ने अर्पित की पुष्पांजलि

    जामताड़ा। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, एकात्म मानववाद और अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *