काम दिलाने के बहाने युवती को फ्लैट ले गया युवक, गलत काम की कोशिश का आरोप, एक हिरासत में



धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। असम की एक युवती ने आरोप लगाया है कि उसे काम दिलाने के बहाने एक फ्लैट में ले जाकर उसके साथ गलत काम करने की कोशिश की गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामला गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित भूईफोड़ मंदिर के समीप आपणो घर सोसाइटी का है। जानकारी के अनुसार असम निवासी युवती अपनी कुछ सहेलियों के साथ मुंबई जाने के लिए निकली थी, लेकिन धनबाद रेलवे स्टेशन पर उसकी ट्रेन छूट गई। इसके बाद वह पिछले दो दिनों से स्टेशन के आसपास रह रही थी।

इसी दौरान उसकी मुलाकात स्टेशन के पास एक होटल में काम करने वाले राजू साव नामक युवक से हुई। आरोप है कि राजू साव ने युवती को घरेलू काम दिलाने का भरोसा दिया और अपने एक परिचित के माध्यम से उसे गोविंदपुर स्थित एक फ्लैट में भेज दिया।

पीड़िता का आरोप है कि फ्लैट में सफाई का काम करने के दौरान फ्लैट मालिक अक्षत अग्रवाल ने उसके साथ अशोभनीय हरकतें कीं और जबरन गलत काम करने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसे शराब पिलाने की भी कथित तौर पर कोशिश की गई। युवती किसी तरह फ्लैट से बाहर निकलने में सफल रही और शोर मचाने लगी।

युवती की आवाज सुनकर सोसाइटी के लोग और स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे। लोगों ने राजू साव को पकड़ लिया, जबकि उसका एक अन्य साथी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची गोविंदपुर पुलिस ने फ्लैट की तलाशी ली, जहां से शराब की बोतलें बरामद होने की बात सामने आई है।

पुलिस ने युवती के आरोपों के आधार पर राजू साव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता मानसिक रूप से काफी परेशान है, इसलिए उसका विस्तृत बयान अभी दर्ज नहीं हो सका है। बयान दर्ज होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

संवाददाता : नीतीश कुमार, धनबाद

Sponsored Advertisement
  • Related Posts

    लक्ष्मी पूजा विसर्जन के दौरान हिंसक झड़प, पुलिस टीम पर पथराव और हमला; 8 आरोपी गिरफ्तार

    पलामू। झारखंड के पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र के रक्साहा गांव में लक्ष्मी पूजा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प और पुलिस टीम पर हमला…

    सहरसा में मकान की ऊपरी मंजिल में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख; 2 लाख रुपये तक का नुकसान

    सहरसा शहर के पुरानी बस स्टैंड के पास एक मकान की ऊपरी मंजिल में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *