9 सीट की मैजिक पर 40 सफाईकर्मी! घायल साथी से मिलने निकले, सड़क पर दिखी लापरवाही की खतरनाक तस्वीर



बिहार के नालंदा जिले से यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाली एक हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां महज 9 सीट क्षमता वाली एक मैजिक वैन पर 40 से अधिक सफाईकर्मी सवार होकर अपने घायल साथी से मिलने बिहार शरीफ सदर अस्पताल पहुंच गए। इस दौरान वाहन पर लोगों की संख्या देखकर राहगीर भी दंग रह गए।

जानकारी के अनुसार, वाहन पर सवार सभी लोग हरनौत नगर पंचायत के सफाईकर्मी हैं। इनका आरोप है कि उनके एक साथी के साथ मारपीट हुई थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल साथी का हालचाल जानने के लिए बड़ी संख्या में सफाईकर्मी एक ही मैजिक वैन पर सवार होकर अस्पताल पहुंच गए।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वाहन में क्षमता से कई गुना अधिक लोग बैठे थे। कुछ लोग गाड़ी के अंदर ठूंस-ठूंसकर भरे हुए थे, जबकि कई लोग छत, दरवाजों और खिड़कियों पर लटककर सफर कर रहे थे। यह दृश्य किसी बड़े हादसे को खुला न्योता देता नजर आया।

बताया जा रहा है कि यह मैजिक वैन हरनौत से बिहार शरीफ तक कई थानों और पुलिस चौकियों के सामने से होकर गुजरी, लेकिन किसी भी स्तर पर वाहन को रोका नहीं गया। ऐसे में पुलिस और यातायात व्यवस्था की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

वाहन चालक ने बताया कि उसकी गाड़ी रोजाना हरनौत से गोनावा रोड रूट पर भाड़े पर चलती है। चालक के अनुसार, सभी लोग जबरन वाहन पर सवार हो गए थे और वह उन्हें रोक नहीं सका।

वहीं, इस मामले पर यातायात विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें फिलहाल घटना की जानकारी नहीं है। अधिकारियों ने कहा कि वीडियो और मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। यदि रास्ते में कोई दुर्घटना हो जाती तो दर्जनों लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी।

संवाददाता: इन्द्रदेव, नालंदा

Related Posts

4236 पदों की भर्ती परीक्षा में उमड़ी भीड़, आसान रहा पेपर; अब 17 जून की परीक्षा पर नजर

4236 पदों की भर्ती परीक्षा में उमड़ी भीड़, आसान रहा पेपर; अब 17 जून की परीक्षा पर नजर

कॉरपोरेट नौकरी छोड़ सेना की वर्दी चुनी, सीतामढ़ी के सौरभ बने लेफ्टिनेंट

कॉरपोरेट नौकरी छोड़ सेना की वर्दी चुनी, सीतामढ़ी के सौरभ बने लेफ्टिनेंट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *