सुपौल में दिनदहाड़े गोली मारकर युवक की हत्या, चाय की दुकान पर बदमाशों ने बरसाईं गोलियां



सुपौल जिले के वीरपुर नगर क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े हुई हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। नगर पंचायत के वार्ड संख्या 05 स्थित बॉर्डर रोड पर एक चाय की दुकान पर बैठे युवक की तीन अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान बनैलीपट्टी पंचायत के वार्ड संख्या 03 मुंशी पिपराही निवासी गोपाल मंडल के 32 वर्षीय पुत्र मिथिलेश कुमार मंडल के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मिथिलेश कुमार मंडल रविवार दोपहर अपने घर से चाय पीने के लिए निकले थे। वह वीरपुर नगर क्षेत्र के बॉर्डर रोड स्थित एक चाय की दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर पहुंचे तीन अज्ञात अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही मिथिलेश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल मिथिलेश को तत्काल वीरपुर अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्या की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर भीमनगर और वीरपुर थाना पुलिस के साथ भारी संख्या में पुलिस बल अस्पताल पहुंचा। वीरपुर एसडीपीओ सुरेन्द्र कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।

एसडीपीओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है और हत्या के सभी संभावित कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही सुपौल एसपी शरथ आरएस भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है।

इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मिथिलेश अपने पीछे सात और पांच वर्ष के दो मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है।

संवाददाता : सुपौल ब्यूरो रिपोर्ट।

Sponsored Advertisement
  • Related Posts

    भागलपुर में VLCC का नया आउटलेट शुरू, मेयर वसुंधरा लाल ने किया उद्घाटन

    भागलपुर। शहर में सौंदर्य, त्वचा और बालों की देखभाल से जुड़ी आधुनिक सुविधाओं का एक और विकल्प जुड़ गया है। सैंडिस कंपाउंड के पास पुलिस लेन रोड में VLCC का…

    पूर्णिमा पर अगस्त्यार्घ्य दान के बाद 27 सितंबर से पितृपक्षीय श्राद्ध शुरू, 10 अक्टूबर को होगा समापन

    सहरसा। भाद्रपद पूर्णिमा के अवसर पर 26 सितंबर को अगस्त्यार्घ्य दान के बाद 27 सितंबर, रविवार से पितृपक्षीय पार्वण श्राद्ध का शुभारंभ होगा। वहीं, 10 अक्टूबर को आश्विन अमावस्या के…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *