बिहार के भागलपुर जिले में 13 वर्षीय नाबालिग लड़की के लापता होने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बेटी को लापता हुए चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। मां अपनी बेटी की तलाश में दर-दर भटक रही है। मामला औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना क्षेत्र के झुरखुरिया गांव का है।
जानकारी के अनुसार, झुरखुरिया गांव निवासी रिंकू देवी, पति सनोज दास की 13 वर्षीय बेटी नेहा कुमारी 17 नवंबर को घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बावजूद जब बेटी का कुछ पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस से गुहार लगाई।
इस मामले में मां रिंकू देवी ने कपिल देव दास उर्फ कपिलदेव शर्मा नामक 40 से 45 वर्षीय व्यक्ति पर बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, यह आरोप मां की ओर से लगाया गया है, जिसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पीड़ित मां का कहना है कि बेटी के लापता होने वाले दिन ही उन्होंने औद्योगिक प्रक्षेत्र थाने में लिखित आवेदन दिया था। बावजूद इसके चार दिन गुजर जाने के बाद भी बेटी की बरामदगी नहीं हो सकी है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनकी मदद करने के बजाय उनसे ही संबंधित व्यक्ति का आधार कार्ड और पता लगाने को कहा जा रहा है।
बेटी के लापता होने के बाद से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सभी सदस्य अनहोनी की आशंका से परेशान हैं। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द नाबालिग नेहा कुमारी को सकुशल बरामद करने और आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।






