बिहार के भागलपुर जिले में शिक्षा विभाग के भीतर भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को पटना से पहुंची विजिलेंस की विशेष टीम ने मध्याह्न भोजन योजना (MDM) के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) मनोज कुमार को 1 लाख 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद जिला शिक्षा विभाग से लेकर समाहरणालय परिसर तक हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, निगरानी विभाग को मनोज कुमार के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। यह शिकायत प्रखंड संसाधन व्यक्ति (BRP) रजनीश कुमार ने दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी टीम ने पहले पूरे मामले का सत्यापन किया। आरोपों की पुष्टि होने के बाद पटना से आई पांच सदस्यीय टीम ने शनिवार को योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
टीम अचानक कचहरी परिसर स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के निचले तल पर संचालित एमडीएम शाखा पहुंची। वहां डीपीएम मनोज कुमार के केबिन में छापेमारी की गई। इसी दौरान टीम ने उनके पास से 1 लाख 10 हजार रुपये की कथित रिश्वत की राशि बरामद करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता रजनीश कुमार के मानदेय में कुछ दिन पहले जिलाधिकारी के निर्देश पर वित्तीय अनियमितता के मामले में हर महीने कटौती का आदेश दिया गया था। साथ ही उन्हें अगले आदेश तक जिला कार्यालय में प्रतिनियुक्त किया गया था। हालांकि, रिश्वत की रकम किस काम के एवज में मांगी गई थी, इसका विस्तृत खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम आरोपी डीपीएम को अपने साथ सर्किट हाउस ले गई, जहां पूछताछ और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई। जिला शिक्षा पदाधिकारी मुकेश कुमार को भी सर्किट हाउस बुलाया गया।
गौरतलब है कि भागलपुर शिक्षा विभाग में 98.12 लाख रुपये के कथित गबन का मामला अभी चर्चा में है। ऐसे में एक और अधिकारी की गिरफ्तारी ने विभाग की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






