जहानाबाद में घने कोहरे के बीच पिकअप और टेंपो की जोरदार भिड़ंत, चालक समेत दो गंभीर घायल

जहानाबाद जिले में ठंड के साथ घने कोहरे का असर अब सड़कों पर भी दिखाई देने लगा है। गुरुवार की सुबह अरवल-जहानाबाद मुख्य सड़क पर घने कुहासे के बीच पिकअप और टेंपो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में टेंपो चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

 

Sponsored Advertisement

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल जहानाबाद पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों की पहचान गया जिले के सिमरौका, सरबहदा गांव निवासी बबन कुमार और संजय कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि बबन कुमार टेंपो चलाते हैं। दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं।

 

हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। वहीं, एक घायल की स्थिति अधिक नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना जीएमसी रेफर करने की तैयारी की जा रही थी।

 

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह से ही जिले में घना कोहरा छाया हुआ था। सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई थी, जिसके कारण वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी। इसी दौरान अरवल-जहानाबाद मुख्य सड़क पर पिकअप और टेंपो के बीच टक्कर हो गई। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आशंका जताई जा रही है कि घने कोहरे के कारण कम दृश्यता हादसे की वजह बनी हो सकती है।

 

गौरतलब है कि ठंड बढ़ने के साथ ही जिले में सुबह और देर रात कोहरे का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। प्रशासन और यातायात विभाग की ओर से वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है। कोहरे के दौरान धीमी गति से वाहन चलाने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने से दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सकती है।

Related Posts

गया में चोरी का बड़ा खुलासा: सफाईकर्मी दिन में करते थे रेकी, रात में उड़ाते थे सामान; 8 गिरफ्तार

गया में चोरी का बड़ा खुलासा: सफाईकर्मी दिन में करते थे रेकी, रात में उड़ाते थे सामान; 8 गिरफ्तार

सीतामढ़ी के प्रखंड प्रमुख अफजल आलम पर आय से 259% अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप, चार ठिकानों पर EOU की छापेमारी

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख मोहम्मद अफजल आलम के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *