मुंगेर: बिहार के मुंगेर जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था को चुनौती दी है। हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के रतैठा गांव में बुधवार की रात अपराधियों ने जदयू नेता राजीव रंजन उर्फ बबलू झा के घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस दौरान अपराधियों ने करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब 8 बजकर 52 मिनट पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर चार अपराधी जदयू नेता के घर पहुंचे थे। घर के दरवाजे पर पहुंचते ही अपराधी बबलू झा का नाम लेकर उन्हें बाहर निकलने के लिए आवाज लगाने लगे। अपराधी चिल्ला रहे थे कि बबलू झा बाहर निकलो। इसके बाद अचानक उनके घर पर फायरिंग शुरू कर दी गई। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए।
घटना के तुरंत बाद राजीव रंजन उर्फ बबलू झा ने फोन कर हवेली खड़गपुर पुलिस को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से 9 खोखे बरामद किए हैं।
इस मामले में जदयू के प्रखंड उपाध्यक्ष बबलू झा का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। ऐसे में उनके घर को निशाना बनाकर गोलीबारी किए जाने की वजह उन्हें समझ में नहीं आ रही है।
वहीं, पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा होने की बात सामने आई है। पुलिस अब इसी पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि, विवाद किस जमीन को लेकर है, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस का दावा है कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।





