भागलपुर। भागलपुर पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत एक बार फिर सराहनीय पहल करते हुए 65 लोगों के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी है। जिले के अलग-अलग इलाकों से खोए हुए 65 मोबाइल फोन बरामद कर पुलिस ने उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों की खुशी देखते ही बन रही थी।
इस संबंध में भागलपुर के सिटी एसपी अतुलेश झा ने अपने कार्यालय में मोबाइल धारकों को उनके खोए हुए फोन सौंपे। इस दौरान उन्होंने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस लगातार गुम और खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए प्रयास कर रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस को यह सफलता मिली है। बरामद किए गए सभी 65 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों की पहचान और आवश्यक सत्यापन के बाद वापस किए गए।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस के प्रति आभार जताया। मोबाइल धारकों ने बताया कि फोन खोने के बाद उन्हें उम्मीद नहीं थी कि कभी उनका मोबाइल वापस मिल पाएगा। कई लोगों ने तो मोबाइल मिलने की आस भी छोड़ दी थी। ऐसे में जब पुलिस कार्यालय से फोन आने की सूचना मिली तो उन्हें पहले विश्वास ही नहीं हुआ।
कुछ मोबाइल धारकों ने बताया कि करीब डेढ़ साल बाद उन्हें अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिला है। इतने लंबे समय के बाद फोन मिलने से उनकी खुशी दोगुनी हो गई। लोगों ने भागलपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऑपरेशन मुस्कान आम लोगों के लिए काफी मददगार साबित हो रहा है।
गौरतलब है कि ऑपरेशन मुस्कान के माध्यम से पुलिस गुम और खोए हुए मोबाइल फोन को तकनीकी सहायता और अन्य उपलब्ध संसाधनों के जरिए तलाश कर उनके मालिकों तक पहुंचाने का काम कर रही है। भागलपुर पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल लोगों को उनकी खोई संपत्ति वापस मिली, बल्कि पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास भी मजबूत हुआ है।






