पलामू: झारखंड के पलामू जिले में बाल श्रम के खिलाफ श्रम विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने सतबरवा थाना क्षेत्र स्थित सोनू होटल में छापेमारी कर एक बाल मजदूर को रेस्क्यू किया है। इस कार्रवाई के बाद होटल संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार, पलामू लेबर सुपरिटेंडेंट द्वारा गठित टीम ने यह कार्रवाई की। टीम का नेतृत्व चैनपुर के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी राहुल कुमार ने किया। छापेमारी के दौरान पुलिस प्रशासन के साथ स्वयंसेवी संस्था अग्रगति के सदस्य भी मौजूद रहे।
रेस्क्यू किए गए बच्चे को आगे की देखभाल और काउंसलिंग के लिए बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया है। वहीं, बच्चे से मजदूरी कराने के आरोप में होटल संचालक के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
बच्चे का स्कूल में कराया जाएगा नामांकन
श्रम विभाग अब बच्चे को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत बच्चे का स्कूल में नामांकन कराया जाएगा। साथ ही उसके परिवार को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि आर्थिक तंगी के कारण बच्चे को दोबारा मजदूरी न करनी पड़े।
होटल और ढाबा संचालकों को सख्त चेतावनी
इस कार्रवाई के बाद पलामू लेबर सुपरिटेंडेंट ने जिले के सभी होटल, ढाबा, ईंट-भट्ठा, गैरेज और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि बच्चों से मजदूरी कराना उनके अधिकारों का हनन है और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
लेबर सुपरिटेंडेंट ने स्पष्ट किया कि बाल श्रम कराते पकड़े जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ बिना किसी रियायत के सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि जिले में बाल श्रम के खिलाफ जांच और छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। श्रम विभाग की इस कार्रवाई से बाल मजदूरी कराने वाले प्रतिष्ठान संचालकों में हड़कंप है।






