झारखंड के पलामू जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां पांकी थाना क्षेत्र में 50 वर्षीय गुनी भुइयां की धारदार हथियार से हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड में पुलिस ने मृतक की पत्नी और बड़े बेटे को गिरफ्तार किया है। वहीं, हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी भी बरामद कर ली गई है। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 9 नवंबर 2026 की रात पांकी थाना को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम ढूब निवासी गुनी भुइयां (करीब 50 वर्ष), पिता स्वर्गीय जेसरी भुइयां की किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पांकी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
इस मामले में पांकी थाना कांड संख्या 172/2026, दिनांक 10 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की घटना में संलिप्तता के आरोप में मृतक की पत्नी मनतोरवा देवी (47 वर्ष) और बड़े पुत्र कैलू भुइयां (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ग्राम ढूब, थाना पांकी के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक टांगी भी बरामद की है।
इस कार्रवाई में पांकी थाना प्रभारी पु०अ०नि० दीपक कुमार सिंह, पु०अ०नि० रंजीत कुमार और पांकी थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की गिरफ्तारी से इस हत्याकांड ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
**पलामू | संवाददाता – सत्यम शुक्ला | 11 नवंबर 2026**






