पलामू जिले के होमगार्ड कार्यालय में ड्यूटी कमांड देने के नाम पर रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए होमगार्ड कार्यालय के मुंशी सकेंद्र उर्फ साकेश कुजूर को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में शिकायतकर्ता ने कमांडेंट पर भी रिश्वत मांगने में शामिल होने का आरोप लगाया है।
ACB की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शिकायतकर्ता ड्यूटी कमांड लेने के लिए होमगार्ड कार्यालय पहुंचा था। वहां संबंधित अधिकारी ने उसे मुंशी से मिलने को कहा। इसके बाद जब वह मुंशी सकेंद्र और तुलसी से मिला तो उन्होंने ड्यूटी कमांड देने के एवज में 10 हजार रुपये की मांग की। उसे बताया गया कि यह साहब का आदेश है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उसने संबंधित अधिकारी से मुलाकात की तो उन्होंने भी कथित तौर पर 10 हजार रुपये देने को कहा। शिकायतकर्ता के मुताबिक, अधिकारी ने यह भी कहा कि चार महीने में 1.20 लाख रुपये मिलते हैं, तो 10 हजार रुपये देने में क्या परेशानी है।
इसके बाद शिकायतकर्ता ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पलामू में लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की शिकायत की। ACB ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें ड्यूटी कमांड देने के बदले 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। इसके बाद ACB थाना में कांड संख्या 06/2026 दर्ज किया गया।
मामले की पुष्टि होने के बाद ACB की टीम ने दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जाल बिछाया। निर्धारित कार्रवाई के दौरान मुंशी सकेंद्र उर्फ साकेश कुजूर को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल ACB की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कमांडेंट पर लगाए गए आरोपों की भी जांच की स्थिति पर नजर रहेगी।
**लोकेशन – पलामू / झारखंड**
**संवाददाता – सत्यम शुक्ला की रिपोर्ट**






