संवाददाता – सत्यम शुक्ला की रिपोर्ट
मेदिनीनगर (पलामू): झारखंड के पलामू जिले में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए दो टोटो और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर को उंटारी रोड थाना क्षेत्र की एक नाबालिग पीड़िता ने पुलिस को आवेदन देकर आरोप लगाया था कि ग्राम लकड़ाही से हुसैनाबाद जाने के दौरान टोटो पर सवार तीन लोगों ने उसके साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विश्रामपुर चिरंजीवी मंडल के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुधोध दीक्षित (38), मुकेश दीक्षित (26) और अभय दीक्षित (20) के रूप में हुई है। तीनों उंटारी रोड थाना क्षेत्र के भदुमा गांव के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो टोटो और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस मामले में उंटारी रोड थाना कांड संख्या 55/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को 1 नवंबर को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए आम लोगों से ऐसी घटनाओं की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर देने की अपील की है।







