कटिहार: दिवाली और छठ महापर्व को देखते हुए कटिहार जिला प्रशासन ने मिलावटखोर मिठाई कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। त्योहारों के दौरान लोगों की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर मिठाई दुकानों और गोदामों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने करीब 45 किलोग्राम संदिग्ध मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कराया, जबकि छह प्रतिष्ठानों से अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
दरअसल, अनुमंडल पदाधिकारी कटिहार सदर डॉ. सूरज कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शहीद चौक, एमजी रोड, बाटा चौक, हाट रोड और मिरचाईबाड़ी इलाके में छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से मिठाई दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
जांच के दौरान कई दुकानों में खुले में रखी बासी मिठाइयां मिलीं। वहीं, कुछ प्रतिष्ठानों में निर्माण और समाप्ति तिथि का उल्लेख किए बिना पैक किए गए खाद्य पदार्थ भी पाए गए। टीम ने दुकानों में बिक्री के लिए रखी मिठाइयों के साथ उनके निर्माण और भंडारण की व्यवस्था की भी जांच की।
इस दौरान खोया, पनीर, बर्फी, गुलाब जामुन और रंगीन मिठाइयों के नमूने एकत्र किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. सूरज कुमार ने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के नाम पर खाद्य पदार्थों में मिलावट कर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सभी मिठाई विक्रेताओं को एफएसएसएआई के निर्धारित मानकों का पालन करने, ग्राहकों को बिल देने और मिठाइयों को ढककर रखने का निर्देश दिया गया है।
वहीं, प्रशासन ने आम लोगों से भी मिठाई खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और शुद्धता पर ध्यान देने की अपील की है। संदिग्ध खाद्य सामग्री की बिक्री की सूचना जिला नियंत्रण कक्ष या खाद्य सुरक्षा कार्यालय को देने की बात कही गई है।
प्रशासन के अनुसार दिवाली और छठ पूजा तक यह छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री मिल सके।






