बिना ऑक्सीजन 18,500 फीट ऊंचे ग्लेशियर पर चढ़े बिहार के शिवम, युमथांग पर फहराया तिरंगा

नालंदा/बाढ़: बिहार के एक युवा एनसीसी कैडेट ने अपनी हिम्मत, जुनून और दृढ़ इच्छाशक्ति से राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया है। बाढ़ स्थित एएनएस कॉलेज के एनसीसी कैडेट अंडर ऑफिसर शिवम कुमार ने उत्तर सिक्किम के दुर्गम युमथांग ग्लेशियर पर बिना ऑक्सीजन सपोर्ट के सफल चढ़ाई कर भारतीय तिरंगा फहराया है। करीब 18,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित इस ग्लेशियर पर पहुंचना बेहद चुनौतीपूर्ण था।

शिवम ने एनसीसी के प्रतिष्ठित ऑल इंडिया एडवेंचर माउंटेनियरिंग कैंप के तहत आयोजित 28 दिवसीय बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स को सफलतापूर्वक पूरा किया। इस कैंप के लिए बिहार-झारखंड निदेशालय से कुल 15 कैडेटों का चयन हुआ था, लेकिन केवल तीन कैडेट ही प्रशिक्षण पूरा कर सके। इनमें झारखंड के दो और बिहार के शिवम कुमार शामिल हैं। वहीं, पूरे देश से सिर्फ 29 कैडेट इस कठिन प्रशिक्षण को पूरा करने में सफल रहे।

Sponsored Advertisement

शिवम के मुताबिक, उनका बेस कैंप करीब 15,200 फीट की ऊंचाई पर था। वहां से बर्फीले ग्लेशियर तक चढ़ाई करनी थी। इस दौरान कड़ाके की ठंड, बारिश, बर्फबारी और ऑक्सीजन की कमी जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। ऊंचाई पर सांस लेने में परेशानी के कारण कई कैडेटों को बीच में ही वापस लौटना पड़ा।

शिवम का परिवार सामान्य मध्यमवर्गीय है। उनके पिता इंद्रजीत पासवान बाढ़ में छोटी सी किराना दुकान चलाते हैं, जबकि मां गनीता देवी गृहिणी हैं। तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े शिवम को पिता का पूरा सहयोग मिला, हालांकि उनकी मां बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंतित थीं।

शिवम ने अपनी सफलता का श्रेय 38 बिहार बटालियन एनसीसी, बिहारशरीफ के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अजय कुमार और पूर्व कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजेश बहरी को दिया है।

शिवम का सपना भारतीय सेना में शामिल होना है। उन्होंने आगे एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स करने और देश के अलग-अलग पर्वत शिखरों पर तिरंगा फहराने की इच्छा जताई है।

इधर, एएनएस कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एसपी शाही, एनसीसी सीटीओ डॉ. सौरभ कुमार और पूर्व कैप्टन डॉ. अनुज कुमार ने शिवम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि शिवम की उपलब्धि कॉलेज, बाढ़ और पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है।

Related Posts

कटिहार में नाश्ते की दुकान पर सिलिंडर ब्लास्ट, चार मासूम समेत पांच लोग झुलसे, दो की हालत गंभीर

कटिहार में नाश्ते की दुकान पर सिलिंडर ब्लास्ट, चार मासूम समेत पांच लोग झुलसे, दो की हालत गंभीर

जमुई में 565वीं रविवारीय साइकिल यात्रा, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जमुई में 565वीं रविवारीय साइकिल यात्रा, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *