पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में एक चौकीदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। चौकीदार नागेंद्र पासवान का शव रविवार सुबह बिहटा-सिकंदरपुर-कटेसर मार्ग पर सड़क किनारे मिला। घटनास्थल के पास उनकी क्षतिग्रस्त बाइक भी बरामद हुई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस फिलहाल हत्या और सड़क हादसे दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान बिहटा थाना में तैनात चौकीदार नागेंद्र पासवान के रूप में हुई है। वह कटेसर गांव के निवासी थे। जानकारी के मुताबिक, नागेंद्र पासवान प्रतिदिन देर रात बिहटा थाना से अपनी बाइक से घर लौटते थे। शनिवार की रात भी वह थाना से बाइक लेकर अपने घर के लिए निकले थे। लेकिन देर रात जमुनापुर बांध के पास वह सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिले।
स्थानीय लोगों ने उन्हें आनन-फानन में बिहटा स्थित ESIC अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हालत में मिली। घटना की जानकारी मिलने के बाद बिहटा थाना की पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
वहीं, नागेंद्र पासवान की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक के छोटे भाई अमरजीत कुमार और पत्नी सुधा देवी ने उनकी मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है। नागेंद्र पासवान अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
इस मामले में बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस को घटना की जानकारी मिली थी। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि चौकीदार की मौत सड़क हादसे में हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।





