समस्तीपुर में सरेआम महिला की मांग में जबरन भरा सिंदूर, वीडियो वायरल; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले से एक महिला के साथ जबरदस्ती का मामला सामने आया है। खानपुर थाना क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दर्जनों लोगों की मौजूदगी में एक युवक महिला की मांग में जबरन सिंदूर भरता नजर आ रहा है। इस दौरान महिला रोती-बिलखती और आरोपियों के सामने गिड़गिड़ाती दिखाई दे रही है, लेकिन मौके पर मौजूद भीड़ शोर मचाती और सीटी बजाती नजर आती है। इसके बाद आरोपी युवक महिला को बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले जाता है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए समस्तीपुर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी संजय कुमार ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि 28 अक्टूबर 2026 को 38 वर्षीय पीड़िता ने खानपुर थाने में आवेदन देकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। महिला के आवेदन के आधार पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता यानी बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Sponsored Advertisement

मुख्य आरोपी कुंदन कुमार गिरफ्तार

डीएसपी संजय कुमार के मुताबिक, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस दौरान मुख्य आरोपी कुंदन कुमार (25 वर्ष), पिता दिनेश महतो, निवासी मसीना गांव को बेगूसराय जिले के खोदावंदपुर से बीती रात गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को खानपुर थाना लाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

पहले से एक-दूसरे को जानते थे महिला और आरोपी

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि पीड़ित महिला शादीशुदा है और उसका एक बेटा भी है। वहीं, महिला और मुख्य आरोपी कुंदन कुमार एक-दूसरे को कई वर्षों से जानते थे और उनके बीच बातचीत भी होती थी। हालांकि, दोनों के बीच विवाद की असली वजह क्या थी, इसकी जांच अभी जारी है।

वीडियो वायरल करने वालों की भी होगी जांच

डीएसपी ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अनुसंधान में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर सभी संबंधित लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

बिहार पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने की पहल, ब्रिटेन में मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने किया राज्य का प्रतिनिधित्व

बिहार पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने की पहल, ब्रिटेन में मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने किया राज्य का प्रतिनिधित्व

सीवान में बंद मकान में 10 लाख की भीषण चोरी, एयरफोर्स के रिटायर्ड अधिकारी के घर को चोरों ने बनाया निशाना

सीवान में बंद मकान में 10 लाख की भीषण चोरी, एयरफोर्स के रिटायर्ड अधिकारी के घर को चोरों ने बनाया निशाना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *