**जामताड़ा।** बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका के बीच जामताड़ा जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 27 से 30 अक्टूबर 2026 तक झारखंड के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात, तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने जिलेवासियों से सतर्क रहने और सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।
उपायुक्त ने कहा कि मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान और चेतावनियों को गंभीरता से लें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने और लंबी यात्रा करने से बचें। गरज-चमक एवं वज्रपात के समय खुले मैदान, खेत, तालाब, नदी और अन्य जलस्रोतों के आसपास नहीं रहें। उन्होंने लोगों को पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने और सुरक्षित पक्के भवन में रहने की सलाह दी। साथ ही बिजली के खंभों, तारों और ट्रांसफार्मर से दूरी बनाए रखने की अपील की।
**किसानों और निचले इलाकों में रहने वालों को विशेष सतर्कता की सलाह**
उपायुक्त ने किसानों से खेतों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था रखने और पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को जलजमाव और अचानक जलस्तर बढ़ने की आशंका को लेकर सतर्क रहने को कहा गया है। कमजोर मकानों, कच्ची दीवारों और जर्जर संरचनाओं के आसपास विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। तेज हवा चलने के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर संरचनाओं के पास खड़े होने से बचने को भी कहा गया है।
**आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन तैयार**
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि संभावित चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए सावधानी बरतें और अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
स्थान: जामताड़ा, झारखंड संवाददाता: संतोष कुमार






