लत्तीपुर।लत्तीपुर स्थित मां दुर्गा मंदिर परिसर में निर्माणाधीन प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई। मेला समिति और ग्रामीणों के अनुसार, प्रतिमा को एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति ने नुकसान पहुंचाया है। हालांकि, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
मेला समिति के अध्यक्ष मोहन यादव ने बताया कि घटना की जानकारी तत्काल पुलिस प्रशासन को दी गई। उन्होंने कहा कि मामले में आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रशासन को अवगत करा दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
वहीं, शम्भू मंडल ने लोगों से घटना को लेकर किसी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और इसे सांप्रदायिक रंग नहीं देने की अपील की। उन्होंने कहा कि लत्तीपुर का मां दुर्गा मंदिर सर्वसमाज की साझा आस्था का केंद्र है। यहां सभी वर्गों के लोगों की आस्था और सहयोग जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारा पूरी तरह कायम है। ग्रामीण शांतिपूर्ण माहौल में दुर्गा पूजा आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।
मंदिर के पंडित राजेश कुमार ठाकुर ने बताया कि मंदिर की स्थापना वर्ष 1962 में हुई थी। उन्होंने कहा कि वह वर्ष 1990 से मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे हैं। प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना की उन्होंने निंदा की और लोगों से शांति व सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
इधर, नवगछिया एसडीपीओ सईम रजा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मेला समिति और ग्रामीणों की ओर से पुलिस को बताया गया है कि घटना एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति द्वारा की गई है। हालांकि, पुलिस अपने स्तर से सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसडीपीओ ने बताया कि मंदिर की सुरक्षा को देखते हुए प्रतिदिन एक चौकीदार की ड्यूटी मंदिर परिसर में लगाई जाएगी। पूजा और मेला आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर रखेगा।





