उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के चर्चित उमेश पाल हत्याकांड में करीब तीन साल से फरार चल रहा 5 लाख रुपये का इनामी आरोपी मोहम्मद अरमान बिहार के गया केंद्रीय कारा में बंद मिला है। अरमान के गया जेल में होने की जानकारी सामने आने के बाद यूपी पुलिस की टीम गया पहुंची और उसकी पहचान तथा जेल रिकॉर्ड का सत्यापन किया। अब उसे प्रयागराज ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया शुरू की गई है।
मोहम्मद अरमान गया के कठोकर तालाब इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। वह फरवरी 2023 में हुए उमेश पाल हत्याकांड के बाद से यूपी पुलिस के लिए वांछित था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। बताया जा रहा है कि अरमान 27 फरवरी 2023 से गया जेल में एक अन्य मामले में बंद है।
उमेश पाल की 24 फरवरी 2023 को प्रयागराज में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह तत्कालीन विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह थे। पुलिस जांच में इस हत्याकांड का कनेक्शन माफिया अतीक अहमद के गैंग और उसके परिवार से जुड़े लोगों तक पहुंचा था।
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद सामने आए CCTV फुटेज में अरमान बाइक चलाते हुए नजर आया था। बताया गया कि बाइक पर उसके साथ गुड्डू मुस्लिम भी मौजूद था। घटना के बाद दोनों फरार हो गए थे।
अब अरमान के परिवार ने उसकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उसके पिता मोहम्मद शमी और अधिवक्ता ललित कुमार गुप्ता ने गया अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पूछताछ और पेशी की मांग की थी। परिवार का आरोप है कि यूपी ले जाने पर अरमान की जान को खतरा हो सकता है। हालांकि, अदालत ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की मांग स्वीकार नहीं की।
फिलहाल सबकी नजर गया अदालत की ट्रांजिट रिमांड प्रक्रिया पर है। रिमांड मंजूर होने के बाद यूपी पुलिस अरमान को प्रयागराज ले जा सकती है, जहां उमेश पाल हत्याकांड के सिलसिले में उससे पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





