सारण: बिहार के सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र के परसागढ़ गांव में चाकूबाजी की हिंसक वारदात सामने आई है। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुटी है।
मामा के घर आए युवक से शुरू हुआ विवाद
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, छपरा शहर के काशी बाजार निवासी अंकुर पटेल उर्फ धोनी एकमा थाना क्षेत्र के परसागढ़ गांव स्थित अपने मामा के घर आया हुआ था। इसी दौरान किसी बात को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तथा चाकूबाजी तक पहुंच गया।
चाकूबाजी में तीन की मौत
इस हिंसक संघर्ष में चाकू लगने से तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान छपरा के काशी बाजार निवासी अंकुर पटेल उर्फ धोनी, जिरतपुर पछुआ निवासी मुकेश कुमार और रमेश यादव के रूप में हुई है। वहीं, घटना में घायल एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
पुरानी रंजिश का अंदेशा
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश और आपसी मतभेद की बात सामने आ रही है। एसडीपीओ सदर-2 प्रेमचंद्र सिंह ने बताया कि तीन लोगों की मौत हुई है। एक पक्ष से एक और दूसरे पक्ष से दो लोगों की मौत हुई है, जबकि एक घायल को इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही एकमा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही, इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है।






